अवैध रूप से लाकर गांवों में बेची जाने वाली शराब पकड़ने में बागेश्वर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो वाहनों से गरुड़ से कपकोट ले जाई जा रही 50 पेटी शराब बरामद की है। मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
बीती बुधवार की रात एसओजी टीम को कपकोट की ओर वाहनों में अवैध रूप से शराब ले जाए जाने की सूचना मिली। इस पर पुलिस ने कपकोट रोड पर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। जांच के दौरान बालीघाट के पास जब एक पिकप को रोककर चेकिंग की गई तो वाहन से हरियाणा ब्रांड की शराब की 46 पेटी बरामद की गई। इसके अलावा पिकप के साथ में चल रही बिना नंबर की ऑल्टो कार से चरा पेटी शराब बरामद हुई। एसओजी टीम ने शराब के साथ पकड़े गए गरुड़ निवासी ध्यान सिंह, खुशाल सिंह और रविंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल टीआर वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार तीनों लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। अवैध रूप से शराब ले जाने में प्रयुक्त वाहनों को सीज कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि ध्यान सिंह इससे पहले भी कई बार शराब तस्करी में गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा जाएगा।