शहीद राम सिंह बोरा राजकीय जूनियर हाइस्कूल भगरतोला में बहुउद्देशीय शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 47 शिकायतें दर्ज हुईं। सबसे अधिक शिकायतें बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल से संबंधित रहीं। शिविर में जिला लीड बैंक अधिकारी और बाल विकास अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए दोनों अधिकारियों का स्पष्टीकरण मांगा है।
डीएम रंजना ने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी जनता की समस्याओं को गंभीरता से लें। शिविर में जिला लीड बैंक अधिकारी और बाल विकास अधिकारी के मौजूद न रहने पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा। उत्तराखंड पावर कारपोरेशन द्वारा बिजली का नया संयोजन लगाने के दौरान उपभोक्ताओं से बाजार से केबल क्रय करने को बाध्य करने की शिकायत को डीएम ने गंभीरता से लिया। जिजोली के प्रधान महेंद्र प्रताप सिंह, बिमोला के प्रधान हरी राम आदि ने प्रधानों ने कहा कि बिजली विभाग संयोजन का आगणन जमा करते समय भवन स्वामियों से तार के रुपये जमा करता है। लक्ष्मण सिंह परिहार ने हरीनगरी मोटर मार्ग का कार्य धीमी गति से चलने और हरीनगरी में छह माह से बिजली के बिल नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। डीएम ने शिविर स्थल पर लगे स्टालों का निरीक्षण किया। इस दौरान विधायक चंदन दास, जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, जिला पंचायत सदस्य शिव सिंह बिष्ट, प्रकाश कोहली, भुवन पाठक, सीएमओ शैलजा भट्ट, एडीएम राहुल गोयल, सीडीओ एसएसएस पांगती, मंगल राणा, भगरतोला के प्रधान चंदन बोरा आदि थे। संचालन समाज कल्याण अधिकारी एनएस गस्याल ने किया।