कांडा (बागेश्वर)। कांडा थाना क्षेत्र के पंगचौड़ा निवासी एक व्यक्ति की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई है। बागेश्वर जिले में जून से अब तक 24 लोग आत्महत्या कर चुके हैं। इनमें दो प्रवासी भी शामिल हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पंगचौड़ा निवासी राजेश सिंह माजिला (42) पुत्र उमेद सिंह माजिला ने सोमवार सुबह घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांडा लाए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार उक्त व्यक्ति तनाव में था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
तनावग्रस्त हों तो डॉक्टर से लें परामर्श
बागेश्वर। जिले में लगातार हो रही आत्महत्याओं की वजह से लोग चिंतित हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बीडी जोशी का कहना है कि लोगों को तनाव से दूर करने के लिए महकमा प्रयास कर रहा है। जिले के दो डॉक्टरों ने मनोचिकित्सक का प्रशिक्षण लिया है। कोई भी व्यक्ति तनावग्रस्त हो तो वह इन चिकित्सकों से परामर्श ले सकता है। उन्होंने बताया कि जिले में काउंसिलर भी लोगों को तनाव से दूर रखने के लिए काउंसिलिंग कर रहे हैं। संवाद