बागेश्वर। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत जिला उद्योग केन्द्र, जिला ग्रामोद्योग बोर्ड एवं जिला खादी और ग्रामोद्योग आयोग की बैठक में तय हुआ कि बेरोजगारों को 2.12 करोड़ का ऋण दिया जाएगा।
सीडीओ एसएसएस पांगती की अध्यक्षता में संपन्न जिला टास्क फोर्स की बैठक में 66 आवेदनों पर विचार किया गया। इनमें से 52 आवेदन स्वीकृत हुए। जिला उद्योग केंद्र के 39 में से 34 स्वीकृत किए गए जिसके लिए 124.00 लाख, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के 20 में से 13 स्वीकृत आवेदनों के लिए 88.50 लाख, खादी ग्रामोद्योग आयोग के 5 स्वीकृत आवेदन के लिए 33 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई।
सीडीओ ने सभी बेरोजगारों से स्वरोजगार की इकाइयां स्थापित कर अन्य बेरोजगारों को भी रोजगार मुहैया कराने को कहा। बैठक में उद्योग विभाग महाप्रबंधक बीसी पाठक, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी बीसी जोशी, एनएस गस्याल, डॉ. जितेंद्र तिवारी, लीड बैंक अधिकारी रुद्र सिंह रावत, आरसेटी के निदेशक, चीफ मैनेजर एसबीआई निर्मल कुमार, प्रधानाचार्य आईटीआई निर्मल जोशी आदि थे।