कपकोट (बागेश्वर)। मल्ला दानपुर क्षेत्र के एक शिष्टमंडल ने विधायक बलवंत भौर्याल से मुलाकात कर क्षेत्र की लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
जिला पंचायत सदस्य गोविंद दानू के नेतृत्व में ग्रामीणों ने विधायक बलवंत भौर्याल को ज्ञापन दिया। उन्होंने विधायक से पीएमजीएसवाई की रिखाड़ी-बाछम सड़क से सोराग, बोराचक-झारकोट, हरकोट, कुंवारी, काफली कमेड़ा और खाती आदि गांवों को यूआरडीएस देहरादून से शीघ्र दोबारा निविदाएं आमंत्रित करने, पिछली बरसात में क्षतिग्रस्त पीएमजीएसवाई की सड़कों की दीवारों की मरम्मत के लिए बजट उपलब्ध कराने की मांग की।
उन्होंने बताया कि बाछम और खाती गांव में दीन दयाल उपाध्याय योजना के अंतर्गत विद्युत योजना चालू नहीं होने से गांवों में अंधेरा छाया है। ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष पिंडरघाटी के दस गांवों को दूर संचार सेवा का लाभ देने के लिए बदियाकोट के दूणी में मोबाइल टावर लगाने, गांसी, पोथिंग और फुलवाड़ी गांवों के लिए मंजूर सड़कों का निर्माण तेजी से करवाने की मांगें भी रखी। शिष्टमंडल में प्रधान केदार सिंह दानू, प्रकाश दानू, गोकुल दानू, प्रकाश दानू, प्रकाश जोशी, रूप सिंह, बालक सिंह और गजेंद्र सिंह आदि शामिल थे।