बागेश्वर। क्षेत्रवासियों को तेंदुओं के आतंक से निजात नहीं मिल पा रही है। तेंदुए नगर और आसपास की आबादी में लगातार रिपोर्ट हो रहे हैं। बागनाथ वार्ड में एक बार फिर तेंदुुआ फिर आ धमका। वह करीब डेढ़ घंटे तक इलाके में डटा रहा। इससे लोगों में दहशत फैल गई। लोगों ने तेंदुए को कनस्तर बजाकर और पटाखे फोड़कर भगाया।
रविवार की रात बागनाथ वार्ड में तेंदुआ फिर आ धमका। चौक बाजार के पीपल के पेड़ में बंदरों के झुंड में भगदड़ मचने के बाद तेंदुए की आमद का पता चला। तेंदुए को देख बंदरों का झुंड भी सिहर उठा और चीत्कार करता हुआ भाग निकला। तेंदुआ आने की जानकारी मिलते ही लोगों में दहशत फैल गई। एकजुट हुए लोगों ने कनस्तर बजाकर और पटाखे फोड़कर तेंदुए को भगाने की कोशिश की। क्षेत्रवासी महिपाल ने बताया कि बावजूद इसके तेंदुआ इलाके में डेढ़ घंटे तक डटा रहा। बाद में भीड़ बढ़ने के बाद भागा।
शिकारियों की हो तैनाती
बागेश्वर। नगर और आसपास तेंदुओं के आतंक को देखते हुए शिकारियों की तैनाती के साथ ही वन विभाग का अलग से कंट्रोल रूम खोलने की मांग उठी है। सोमवार को इस संबंध में लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सौरभ परिहार आदि लोगों ने तेंदुए को पकड़कर बाहर के जंगलों में छोड़ने और रात में वन कर्मियों की गश्त बढ़ाने की मांग उठाई गई है। एसडीएम राकेश चंद्र तिवारी ने बताया कि इस संबंध में वन विभाग को निर्देशित किया जा रहा है। ब्यूरो