बागेश्वर। डीएम रंजना राजगुरु ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान कमेड़ी में प्रशिक्षणार्थियों की कम संख्या पर नाराजगी जताते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी, अनुदेशकों को प्रशिक्षणार्थियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
डीएम राजगुरु ने शुक्रवार को आईटीआई का औचक निरीक्षण किया। वहां प्रशिक्षणार्थियाें की संख्या कम होने पर उन्होंने नाराजगी जाताई और संख्या बढ़ाने को कहा। उन्होंने एससी बाहुल्य गांवों में जाकर आवेदन पत्र वितरित करने और ग्राम प्रधानों से भी संख्या बढ़ाने के लिए संपर्क करने को कहा। युवकों को रोजगार मेलों की जानकारी देने को कहा।
उन्होंने संस्थान में संचालित ट्रेडों में जाकर जानकारी ली और प्रशिक्षणार्थियों द्वारा बनाए गए मॉडलों की सराहना भी की। कंप्यूटर ऑपरेटर ट्रेड में एक भी ट्रेनी नहीं मिला। इस पर उन्होंने अनुदेशकों को सख्त निर्देश देते हुए प्रशिक्षणार्थियों की उपस्थिति बायोमैट्रीक मशीन से लगाने के निर्देश दिए। डीएम ने छात्रावास का निरीक्षण करते हुए परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
आश्रम पद्धति के बच्चों के जवाब से डीएम संतुष्ट
डीएम ने वृद्धाश्रम और आश्रम पद्धति विद्यालय का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आश्रम पद्धति विद्यालय के कक्षा कक्षों में जाकर बच्चियों से सवाल पूछे। क्षेत्रफल, आयत, वर्ग के सवाल पूछने पर तत्परता से जवाब मिले।
इस पर उन्होंने संतोष जताते हुए बच्चों को अंग्रेजी का अभ्यास भी कराने के निर्देश दिए। वृद्धाश्रम में वृद्धों की मांग पर मनोरंजन के लिए समाज कल्याण अधिकारी को टीवी की व्यवस्था के निर्देश दिए। वहां समाज कल्याण अधिकारी, अधीक्षक हेम तिवारी मौजूद थे।