बागेश्वर। हिचौड़ी बाजार में निकास नाली नहीं होने से गंदा पानी दुकानों और घरों में घुस रहा है। इससे गुस्साए व्यापारियों ने भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी है। व्यापारियों का कहना है कि आधा दर्जन से अधिक दुकानों और घरों में पानी घुस रहा है। पिछले दिनों जनता दरबार में आए वित्त मंत्री प्रकाश पंत से समस्या को लेकर गुहार लगाई थी।
एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान करने का आश्वासन देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर पानी की निकासी का शीघ्र प्रबंध करने की मांग की है। उन्होंने मांग पूरी न होने पर 12 फरवरी से भूख हड़ताल की चेतावनी दी है। ज्ञापन सौंपने वालों में चंद्र सिंह, मोहन सिंह, बिशन सिंह, नंदन सिंह, चंदन सिंह, मुन्ना सिंह आदि शामिल थे।