बागेश्वर। डीएम रंजना राजगुरु ने नगर स्थानीय निकायों के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में वार्डों के निर्धारण, मतदान केंद्रों एवं स्थलों का निर्धारण के बाद जांच के बारे में चर्चा करते हुए परिसीमन कार्य के लगाए गए अधिकारियों एवं कार्मिकों को सीमा विस्तार के कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण कर नजरी नक्शा तैयार कर शहरी विकास निदेशालय को भेजने के निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट सभागार में डीएम ने वर्तमान में नगर पालिका बागेश्वर में सम्मिलित होने वाले ग्रामों के बाद वार्डों की संख्या निर्धारित मानकों के अनुसार प्राविधानित करने कोे कहा। कहा कि बागेश्वर पालिका और नगर पंचायत कपकोट के लिए नियुक्त संगणकों को निर्देश दिए कि घर-घर जाकर गणना कार्य में गति लाएं।
ईओ ने बताया कि बागेश्वर पालिका में वर्तमान में सात वार्डों में वर्ष 2013 की मतदाता गणना के अनुसार कुल वोटर 5717 है। ग्राम पंचायतें जो नगर क्षेत्र में सम्मिलित होनी हैं, वर्ष 2014 के अनुसार वहां 10,148 मतदाता हैं। बताया कि नगर पंचायत कपकोट में कुल सात वार्ड हैं, जिसमें वर्ष 2013 के अनुसार कुल मतदाता 3881 हैं।
एक अन्य बैठक में डीएम ने नगर पालिका बागेश्वर और नगर पंचायत कपकोट में स्वच्छ भारत मिशन के तहत खुले में शौच से मुक्त के लिए वार्डवार शौचालय निर्माण की स्थिति की समीक्षा की। शौचालय निर्माण कार्यों के मानीटरिंग के लिए नामित नोडल अधिकारियों को निर्मित शौचालयों की फोटोग्राफी कर एमआईएस के निर्देश दिए।
नगर पंचायत कपकोट में शौचालय निर्माण की धीमी प्रगति पर डीएम ने एसडीएम और ईओ नगर पंचायत कपकोट को शौचालय निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम को शौचालय निर्माण कार्यों की मॉनीटरिंग के लिए पटवारियों की तैनाती के निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम राहुल गोयल, एसडीएम बागेश्वर श्याम सिंह राणा, कपकोट रविंद्र बिष्ट, तहसीलदार बागेश्वर दया चंद्र टम्टा, ईओ राजदेव जायसी, कमांडेंट होमगार्ड मदन मोहन पाठक, अल्प बचत अधिकारी दीप राज आर्य, खेल अधिकारी विनोद वल्दिया आदि थे।