बागेश्वर। जिले के आधार केंद्र संचालकों द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार आधार कैंप नहीं लगाने पर डीएम ने नाराजगी जताई है। उन्होंने रोस्टर के अनुसार आधार पंजीकरण कैंप नहीं लगाने पर मशीन सील करने के साथ ही नियमानुसार कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
डीएम ने कहा है कि पूर्व में सभी आधार केंद्र संचालकों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार शिविर आयोजित कर आधार नामांकन के लिए निर्देशित किया गया था। उनका कहना है कि सीईओ की ओर से निर्धारित तिथि को रोस्टर के अनुसार आधार कैंप नहीं लगाने की जानकारी दी गई है।
उन्होंने इसे लापरवाही बताते हुए शीघ्र सभी केंद्र संचालकों से अपने क्षेत्र के उपजिलाधिकारियों से मिलकर कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि ऐसा नहीं करने पर मशीन सील करने के साथ ही नियमानुसार कार्रवाई करने की जाएगी। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को आधार कैंप लगवाने के लिए संचालकों से संपर्क कर कैंप स्थलों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा है। उन्होंने उपजिलाधिकारियों को भी मामले में कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।