सोमवार की देर रात घर को लौट रहे एक व्यापारी को नकाबपोशों ने मारपीट कर लूट लिया। हमलावर व्यापारी से 40 हजार की नकदी और मोबाइल भी लूट ले गए। व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सिरैली घिंघारतोला निवासी राजू कर्नाटक की बागेश्वर पेट्रोल पंप के समीप परचून की दुकान है। । व्यापारी ने बताया कि वह भागीरथी में किराए के कमरे में रहता है।
सोमवार की रात को जब वह दुकान बंद करके अपने कमरे को जा रहा था तो रास्ते में आधा दर्जन लोगों ने उस पर हमला कर दिया। उसके साथ मारपीट करने के बाद हमलावर उसके पास से 40 हजार की नकदी, मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड सहित तमाम कागजात लूट ले गए। राजू वर्मा के अनुसार सभी हमलावरों के मुंह ढके हुए थे। जिस स्थान पर उसके ऊपर हमला हुआ उस स्थान पर अंधेरा भी था। उसके नाक सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं। व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कोतवाल टीआर वर्मा ने बताया कि व्यापारी ने कुछ लोगों द्वारा रात में उसके साथ मारपीट कर रुपये और मोबाइल लूटने की तहरीर दी है। इस घटना में लिप्त तत्वों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इधर इस घटना के बाद से नगरवासी और व्यापारी डरे हुए हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से धार्मिक नगरी में इस तरह की वारदात करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।