कपकोट (बागेश्वर)। राइंका बघर में प्रधानाचार्य और शिक्षकों के कई पद खाली चल रहे हैं। शिक्षक नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो गई है। अधिकारियों के दिए आश्वासन पूरे नहीं होने पर गुस्साए अभिभावकों ने जोरदार नारेबाजी के साथ विद्यालय में ताले जड़कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। सभा में वक्ताओें ने शिक्षकों की तैनाती न होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
बघर और ढोक्टी गांव समेत अन्य आसपास के ग्रामीण नारेबाजी करते हुए मंगलवार सुबह विद्यालय परिसर में पहुुंचे। आक्रोशित अभिभावकों ने जोरदार नारेबाजी के साथ विद्यालय में तालाबंदी कर दी। विद्यालय प्रांगण में हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि विद्यालय में प्रधानाचार्य का पद का पद लंबे समय से खाली है। प्रवक्ता के नौ पदों में से रसायन, भौतिक, जीव विज्ञान, अंग्रेजी, इतिहास और राजनीति शास्त्र जबकि एलटी में विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषय के पद लंबे समय से खाली हैं। शिक्षकों की भारी कमी के कारण विद्यालय में पंजीकृत 250 बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो गया है।
गत तीन जून को खंड शिक्षा अधिकारी और पिछले सोमवार को जन सुनवाई दिवस पर डीएम को ज्ञापन सौंपा था मगर आजतक सुनवाई नहीं हुई है। वह अब लचर शिक्षा व्यवस्था के चलते बच्चों की पढ़ाई बाधित नही होना देंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रधानाचार्य और शिक्षकों की शीघ्र तैनाती न होने पर आंदोलन और भी तेज कर दिया जाएगा। धरना देने वाले अभिभावकों में नंदन रावत, इंद्र बघरी, भूपेेंद्र, प्रताप सिंह, गोविंद सिंह, प्रवीण, बलवंत सिंह, गोपाल सिंह बघरी, पोखर सिंह सोरागी, रतन सिंह देव, सचिन सिंह दानू, नारायण दानू, हरीश बिष्ट आदि शामिल थे।