बागेश्वर। वन पंचायत झूनी में हुए सरपंच के चुनाव में निर्विरोध चुनी गईं महिला उम्मीदवार को क्षेत्रीय पटवारी ने प्रमाण पत्र नहीं दिया। मामले की शिकायत पर डीएम ने कपकोट के एसडीएम को स्वयं जांच करने के निर्देश दिए हैं। डीएम को सौंपे शिकायत पत्र में झूनी निवासी द्रोपदी देवी ने बताया कि 21 सितंबर 2017 को ग्राम पंचायत की खुली बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में छह सदस्यों के समर्थन के बाद सर्वसम्मति से उन्हें निर्विरोध सरपंच निर्वाचित किया गया था। इसके बावजूद निर्वाचन अधिकारी के रूप में बैठक में मौजूद क्षेत्रीय पटवारी बिना उन्हें प्रमाण पत्र दिए ही वहां से चले गए। इसकी शिकायत 22 सितंबर को कपकोट के एसडीएम से की गई, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम रंजना राजगुरु ने कपकोट के एसडीएम को जांच करने के निर्देश दिए।