बागेश्वर। नगर की नुमाइशखेत रोड, मैदान और आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों गुंडागर्दी काफी बढ़ गई है। मंगलवार को स्थानीय लोगों के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कप्तान मुकेश कुमार से मुलाकात की और उनसे अवांछित तत्वों पर सख्ती से अंकुश लगाने की मांग की।
लोगों ने एसपी को बताया कि नुमाइशखेत रोड, मैदान और आसपास के क्षेत्रों में मनचले स्कूली छात्राओं को परेशान करते हैं। महिलाओं के साथ छेड़खानी करते हैं। कुछ बाइकर्स तेज गति से वाहन चलाकर राहगीरों को चोटिल कर देते हैं। विरोध करने पर अराजक तत्व मारपीट पर उतारू हो जाते हैं।
उन्होंने एसपी से स्कूल के समय और छुट्टी के समय क्षेत्र में पुलिस की गश्त करने और पकड़ में आने पर अवांछित लोगों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में भुवन कांडपाल, नवीन साह, पुनीत साह, सुनील भंडारी, सूरज जोशी, खड़क दफौटी, नीरज पांडे, दलीप मेहरा, नंदन सिंह आदि थे। एसपी ने समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान का आश्वासन दिया।