बागेश्वर। जिले के सरकारी स्कूल शिक्षकाें की कमी से जूझ रहे हैं। हाईस्कूलों में प्रधानाध्यापकों के स्थायी पद भी रिक्त चल रहे हैं। मात्र दो ही स्कूलों में स्थायी प्रधानाध्यापक तैनात हैं। 30 विद्यालय प्रभारी प्रधानाध्यापकों के सहारे चल रहे हैं।
जिले में 32 सरकारी हाईस्कूल हैं। पिछले साल तक पांच विद्यालयों में स्थायी प्रधानाध्यापक तैनात थे। इस साल यह संख्या दो रह गई है। वर्तमान में राजकीय हाईस्कूल गलई कंधार और राजकीय हाईस्कूल बहुली में ही स्थायी प्रधानाध्यापक तैनात हैं। हर साल अभिभावक और विद्यार्थी नए प्रधानाध्यापक की तैनाती की उम्मीद लगाए रहते हैं, लेकिन विभागीय स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाते हैं। इधर, सीईओ गजेंद्र सिंह सौन ने बताया कि वर्तमान में शिक्षक, प्रधानाचार्य भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। उम्मीद है कि इसके बाद साल के अंत तक पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू होगी और प्रधानाध्यापक के रिक्त पद भी भरे जाएंगे।