बागेश्वर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायलों की मदद के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए परिवहन विभाग ने राहवीर योजना शुरू की है। योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये की नकद धनराशि से पुरस्कृत किया जाएगा।
जिले में सड़क दुर्घटनाओं के दौरान कई बार सड़क पर चलने वाले व्यक्ति और वाहन चालक लोगों की मदद के लिए आगे नहीं आते हैं। इसके कई कारण माने जाते हैं। कई बार समय पर मदद न मिलने से लोगों को दुर्घटना में जान भी गंवानी पड़ती है।
अब परिवहन विभाग की ओर से शुरू की गई राहवीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायलों को गोल्डन आवर में अस्पताल पहुंचाने पर 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार और विभाग की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।