मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि 2017 में कांग्रेस भारी बहुमत के साथ सत्ता में आएगी।उत्तराखंड जल्द ही देश का पहला राज्य होगा जो उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली देगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विधवा, विकलांग, वृद्धावस्था पेंशन की राशि शीघ्र बढ़ाने जा रही है। किसानों और महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार लाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
सीएम हरीश रावत ने एतिहासिक गांधी चबूतरे से पहली बार एक विशाल जन सभा को संबोधित किया।
उन्होंने गरुड़, कपकोट, बागेश्वर और ताकुला विकास खंड की जनता से कहा कि सीएम हरीश रावत राज्य के विकास के लिए हमेशा आपके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 2017 भारी बहुमत के साथ सत्ता में आएगी। कहा कि भाजपा के शीर्ष नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों ने मुझे सीएम पद से हटाने के लिए ढाई साल के अंदर पूरी ताकत झोंक दी। हरीश रावत हिम्मत हारने वाला इंसान नहीं है। सीएम ने कहा कि उत्तराखंड विकास की श्रेणी में देश में छठे स्थान पर आ गया है। राज्य सरकार वर्तमान में 23 घंटे उपभोक्ताओं को बिजली की सप्लाई दे रही है, शीघ्र ही 24 घंटे बिजली दी जाएगी। सरकार स्वयं सहायता समूहों और महिला मंगल दलों को अनुदान के रूप में हर संभव सहायता दे रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में उत्पादित होने वाली भट्ट की दाल को दो सौ रुपए प्रति किलो की दर से क्रय किया जाएगा। मडुवा और झुंगरा अब देहरादून आदि महानगरों में 50रुपए किलो की दर से बिक रहा है। बंदरों से निजात दिलाने के लिए प्रदेश में 150 बंदर बाडे़ बन रहे हैं। सभा को पूर्व मंत्री राम प्रसाद टम्टा, रंजीत दास, कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण, जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, ब्लॉक प्रमुख भरत फर्स्वाण, रेखा खेतवाल, सज्जन लाल टम्टा, भुवन पाठक, गोपाल दत्त भट्ट, बालकृष्ण, प्रकाश कोहली, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी, नगर पालिका अध्यक्षा गीता रावल, चामू सिंह देवली संतोष तिवारी, राजेंद्र, विनोद पाठक, देवेंद्र परिहार, रंजीत डसीला आदि ने संबोधित किया।