बागेश्वर। नमामि गंगे राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन योजना के तहत नगर के राइंका में नौ सितंबर को सुबह 10 बजे से गंगा क्विज प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिता जूनियर और सीनियर वर्ग में होगी। इसमें शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों के बच्चे प्रतिभाग करेंगे। एक विद्यालय से अधिकतम एक जूनियर वर्ग और एक सीनियर वर्ग की टीम प्रतिभाग कर सकती है। एक टीम में तीन प्रतिभागी प्रतिभाग करेंगे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी हरीश चंद्र सिंह रावत ने बताया गंगा क्विज प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए पंजीकरण फार्म स्वजल परियोजना की वेबसाइट और आईडीबीआई बैंक की सभी शाखाओं में उपलब्ध हैं। फार्म चार सितंबर तक स्वजल परियोजना कार्यालय में जमा कर प्राप्त रसीद लेनी होगी। राज्य स्तर पर सीनियर वर्ग की प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त टीमों को क्रमश: 50 हजार, 35हजार, 25 हजार रुपया जबकि तीन सांत्वना पुरस्कार प्रत्येक को 15 हजार रुपये भेंट किए जाएंगे। राज्य स्तर पर जूनियर वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को क्रमश: 40 हजार, 25 हजार, 15 हजार और तीन सांत्वना पुरस्कार वालों को दस हजार रुपये भेंट किए जाएंगे। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए राइंका के प्रवक्ता और एनसीसी अधिकारी दीप चंद्र जोशी को समन्वयक मनोनीत किया गया है। सीईओ ने प्रधानाचार्यों को बच्चों को अनिवार्य रूप से प्रतियोगिता में प्रतिभाग कराने के निर्देश दिए हैं।