कपकोट (बागेश्वर)। सदानीरा मां सरयू का प्रकटोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर क्षेत्र के प्रमुख तीर्थ भद्रतुंग में श्री राम चरित मानस का अखंड पाठ किया गया। सरयू नाम सुमंगल मूला सब सिद्धि करनि हरनि सब सूला दोहे के उच्चारण और जयकारा के साथ सरयू की ढोल नगाड़ों के साथ भव्य आरती उतारी गई।
सरयू के पावन जल से भोलेनाथ का अभिषेक किया गया। हवन के बाद आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। महंत देवानंद दास महराज के सानिध्य में आयोजित इस अनुष्ठान में लोगों ने मां सरयू से इसी तरह अविरल बहकर लोगों का कल्याण करते रहने की कामना की। वहां सरमूल सौधारा भद्रतुंग विकास समिति के प्रभारी अध्यक्ष भगवत कोरंगा, सलाहकार दयाल कुमल्टा, ग्राम प्रधान भागीरथी टाकुली, पूर्व बीडीसी सदस्य भीम सिंह दानू, पूर्व प्रधान नरेंद्र टाकुली, युगल जोशी, केवलानंद जोशी, दीपक खोयाल, नंद किशोर पांडे, हरीश राम, कमल, टम्टाराम शरण दास, राम पहल दास, सुरेशउ खेतवाल और पूरन रावत आदि मौजूद थे।