बागेश्वर। छत से गुजर रही बिजली की हाइटेंशन लाइन हटाने की मांग को लेकर शहीद की पत्नी ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है। शहीद की पत्नी का कहना है लाइन से उसके घर को खतरा है। कई वर्षों से मांग करने के बावजूद विद्युत विभाग द्वारा हाइटेंशन लाइन को शिफ्ट नहीं किया जा रहा है, जिस कारण मजबूर होकर उन्हें देश के प्रधानमंत्री को पत्र भेजना पड़ा। उन्होंने गांव में शहीद पति के नाम पर शहीद स्मारक भी बनाने की मांग की।
प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में छाती मनकोट निवासी निर्मला देवी ने कहा है कि उसके पति पूरन चंद्र चौबे कारगिल युद्ध में शहीद हो गए थे। उनके जिला मुख्यालय के बिलौना स्थित मकान के ऊपर से बिजली की हाइटेंशन लाइन गुजर रही है। मकान की छत से बिजली की लाइन की महज दूरी पांच फीट होने से बरसात के दिनों में खतरा बढ़ जाता है। निर्मला देवी ने बताया कि ऊर्जा निगम जानकारी के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। कहा कि मुख्यमंत्री से भी शिकायत की मगर उन्होंने भी ध्यान नहीं दिया।