बागेश्वर। राइंका डोबा चौहाना में एडीएम राहुल गोयल की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में 10 फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज की। इसमें सड़क, शिक्षा, पेयजल, आवास की समस्याएं शामिल रहीं।
एडीएम ने विभागीय अधिकारियों से तय समय सीमा के अंदर शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसील दिवस में मौजूद ग्रामीणों से कहा कि आय को बढ़ाने के लिए विभागीय योजनाओं की जानकारी लें। जिन लोगों के आधार कार्ड नहीं बने हैं, वह शीघ्र आधार कार्ड बनवा लें। वहां विजय सिंह टंगड़िया ने जीर्ण शीर्ण मकान मरम्मत के लिए आर्थिक सहायता की मांग की।
एडीएम ने तहसीलदार को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। ग्राम प्रधान सात ने विगत माह से चावल उपलब्ध न होने की शिकायत पर जिला पूर्ति अधिकारी को ग्राम पंचायत में राशन वितरण के निर्देश दिए। ग्राम प्रधान चौहाना ने इंटर कॉलेज की बोर्ड परीक्षा का केंद्र चौहाना में ही बनाने की मांग की, ग्रामीणों ने यहां बैंक शाखा खोलने की मांग की। ग्राम प्रधान डोबा ने गिरेछीना मोटर मार्ग के मलबे से 50 नाली भूमि के बर्बाद होने की शिकायत की। ग्रामीणों ने गिरेछीना से भैसडगांव तक मोटर मार्ग लिंक करने की मांग तहसील दिवस में उठाई गई। जिला विकास अधिकारी केएन तिवारी ने ग्राम सभा में शौचालयों के निर्माण की जानकारी ली। विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 20 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाईयां दी गईं। पशुपालन विभाग ने 25 पशुपालकों को दवाईयां वितरित की। समाज कल्याण विभाग द्वारा विभिन्न पेंशन योजनाओं के आवेदन पत्र भरवाए गए।
तहसील दिवस में सीएमओ डॉ. शैलजा भट्ट, डीएफओ आरके सिंह, एसडीएम एसएस राणा, जिला पूर्ति अधिकारी जेएस कंडारी, पीएमजेएसवाई के राजेंद्र प्रसाद, जिला कार्यक्रम अधिकारी उदय प्रताप सिंह, सीईओ हरीश चंद्र सिंह, तहसीलदार दया चंद्र टम्टा, खंड विकास अधिकारी मोहन नाथ गोस्वामी, ग्राम प्रधान क्वैराली राजेंद्र कांडपाल, ग्राम प्रधान चौहाना जगदीश टंगडिया सहित तमाम ग्रामीण मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन जिला समाज कल्याण अधिकारी एनएस गस्याल ने किया। एडीएम ने जरूरतमंदों को पांच कंबल भी बांटे।