बागेश्वर। जनपद के जेठाई गांव में मवेशियों को चराने गए ग्रामीण को जंगली सुअर ने हमला कर घायल कर दिया। ग्रामीण को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।
जेठाई के कूला रंगचौड़ा गांव निवासी राजन राम बुधवार की सुबह मवेशियों को चराने जंगल गया था। इसी दौरान जंगली सुअर ने उस पर हमला कर दिया। चीख सुनकर आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने पर सुअर भाग गया। घायल राजन राम को ग्रामीण जिला अस्पताल लेकर आए, जहां उसका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार राजन राम के हाथ, कमर में गंभीर चोटें आई हैं। क्षेत्रीय पटवारी गोविंद गोस्वामी और वन विभाग के वन दरोगा प्रयाग दत्त भट्ट भी घायल को देखने अस्पताल पहुंचे। ग्रामीणों ने वन विभाग से घायल ग्रामीण को शीघ्र उचित मुआवजा देने की मांग की है।