बागेश्वर। बागनाथ गली में पटाखों की चिंगारी से एक पुराने मकान में आग लग गई। दमकल कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। समय रहते आग का पता लगने से बड़ा हादसा होने से बच गया।
बागनाथ गली में सोमवार सुबह कुछ बच्चे पटाखे छोड़ रहे थे। पटाखों से निकली एक चिंगारी एक पुराने मकान के भीतर चली गई। सामान में आग पकड़ने से मकान के भीतर से धुआं उठने लगा।
तभी व्यापारी हरीश सोनी की नजर भीतर से उठते धुएं पर पड़ी। उन्होंने इसकी सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग लगने का पता चलने पर बड़ा हादसा होने से बच गया।