अल्मोड़ा। भारतीय संचार निगम लिमिटेड की इंटरनेट सेवा गड़बड़ाने से उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। महिला आयोग की पूर्व सदस्य दया जोशी ने इंटरनेट सेवा दुरुस्त नहीं होने पर जनता को साथ लेकर बीएसएनएल कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन करने की धमकी दी है।
उन्होंने कहा कि शुरुआती दौर में बीएसएनएल ने ही इंटरनेट सेवा शुरू की थी लेकिन आज बीएसएनएल की इंटरनेट सेवा आए दिन खराब हो रही है। इस कारण ब्रॉडबैंड समेत अन्य उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बीएसएनएल की इंटरनेट सेवा जल्द दुरुस्त नहीं हुई तो जनता को साथ लेकर बीएसएनएल कार्यालय का घेराव कर धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
टॉवर खड़े हैं पर सिग्नल गायब
कपकोट (बागेश्वर)। कहने को तो कपकोट तहसील को संचार सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बीएसएनएल समेत कुल चार कंपनियों ने अपने मोबाइल फोन टावर खड़े कर रखे हैं लेकिन इन टावरों से सिग्नल ज्यादातर समय गायब ही रहते हैं। कपकोट और कन्यूटी में खड़े बीएसएन के मोबाइल टावरों में दिन में कई बाद सिग्नल गायब हो रहे है। इसके अलावा तीन निजी कंपनियों के सिग्नल भी आए दिन गायब रहते हैं।
कनेक्टिविटी ठीक नहीं होने के कारण चुुनाव की तैयारियाें में जुटे प्रशासन और राजनैतिक दलों को भी दिक्कत हो रही है। संचार सेवा के सुचारु न होने पर व्यापार मंडल कपकोट के अध्यक्ष तारा कपकोटी, सचिव हेम कपकोटी, नवीन उपाध्याय, भराड़ी अध्यक्ष शेर सिंह ऐठानी, दीपक गोस्वामी आदि ने आंदोलन की चेतावनी दी है। बीएसएनएल के एसडीओ सीएस लोहनी का कहना है कि कपकोट और कन्यूटी स्थित दोनों टावर चालू हैं। शिकायत मिलने पर निस्तारण भी जल्द कर दिया जाता है।