बागेश्वर। काफलीगैर-सैंज सड़क का लाभ ग्राम पंचायत पासदेव, बेगढ़ तोक के ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने निर्माण एजेंसी पर मनमाने निर्माण का आरोप लगाया है। सड़क से वंचित ग्रामीणों ने उन्हें भी सड़क से जोड़ने की मांग उठाई है।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2012 में लोनिवि बागेश्वर ने काफलीगैर से सैंज तक सात किमी लंबी सड़क का निर्माण किया। बाद में इसे पीएमजीएसवाई को हस्तांतरित किया गया। सड़क का लाभ पासदेव, तोक बेगढ़ को भी दिया जाना था। आरोप है कि निर्माण एजेंसी ने सर्वे में मनमानी की। इससे सड़क निर्माण का इन गांवों को लाभ नहीं मिल सका। बेगढ़ के ग्रामीण प्रकाश चंद्र इस संबंध में पीएमजीएसवाई से लेकर पीएम, सीएम से शिकायत कर चुुके हैं। उनका कहना है कि दो किमी अतिरिक्त सड़क का निर्माण करना होगा। अभियंता ललित कुमार ने बताया कि गांव का सर्वे किया जाएगा।
गुमराह करते रहे पीएमजीएसवाई अभियंता
बागेश्वर। बेगढ़ तोक के ग्रामीण प्रकाश चंद्र ने आरोप लगाया कि पासदेव, बेगढ़ तोक को यातायात सुविधा का लाभ देने के मामले में अभियंता उच्चाधिकारियों को गुमराह करते रहे। विभाग की आधिकारिक वेबसाइट में भी दोनों गांवों को कनेक्ट दर्शाया गया है जबकि मानक के विपरीत सड़क से गांव दो किमी की दूरी पर है। उन्होंने मामले में जल्द अदालत जाने की चेतावनी दी है।