बागेश्वर। नुमाइशखेत रोड पर स्थित एक मकान में रविवार की रात आग लग गई। आग से मकान में रखा पूरा सामान खाक हो गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। आग से कपड़े, बिस्तर, टीवी, बर्तन जलने से मकान स्वामी को हजारों का नुकसान हुआ है। राजेंद्र कुमार पांच बच्चों के साथ नुमाइशखेत स्थित एक मकान में रहते हैं। रविवार की रात मकान में एकाएक आग लग गई। आग लगने का पता चलने के बाद परिवार के सदस्य आनन-फानन में बाहर निकले। लोगों की सूचना पर कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कपड़े और खाने का सारा सामान, टीवी और बर्तन जल गए। पीड़ित राजेंद्र कुमार मुर्गी पालन और रंग रोगन का काम करके परिवार की आजीविका चलाते हैं। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका। प्रभावित राजेंद्र कुमार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।