कपकोट (बागेश्वर)। निर्माणाधीन पोलिंग-उत्तरौड़ा-गैरखेत-हरसीला मोटर मार्ग की कटिंग से कपकोट के ग्राम पंचायत गैरखेत के सिमार तोक में कुछ आवासीय मकानों को खतरा बना हुआ है। कई बार शिकायत के बाद भी सुरक्षा दीवार नहीं लगाए जाने से नाराज ग्रामीणों ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल में की है।
गैरखेत के ग्राम प्रधान दर्वान सिंह कपकोटी ने बताया कि 2016 में बरसात में कई घरों में मलबा घुस गया था। तत्कालीन डीएम ने खतरे को देखते हुए इन परिवारों को बरसात में विस्थापन के निर्देश दिए थे। उन्होंने बरसात समाप्त होते ही आवश्यकता अनुसार सुरक्षा दीवारों का निर्माण कर इन आवासीय मकानों की सुरक्षा का इंतजाम करने के निर्देश दिए थे।
दो वर्ष बीतने के बाद भी अभी तक लोनिवि की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। ग्राम प्रधान का कहना है कि प्रभावित परिवारों ने कई बार मौखिक और लिखित रूप से विभाग में अपनी गुहार लगा दी है और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सामने भी समस्या रख चुके हैं लेकिन मांग पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा है कि बरसात से पहले सुरक्षा दीवार का निर्माण नहीं होने पर जानमाल का खतरा पैदा हो सकता है।