कपकोट (बागेश्वर)। डीएम रंजना राजगुरू की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत पोथिंग में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में 95 शिकायतें दर्ज हुई। डीएम ने अधिकारियों को सभी अधूरी योजनाएं 10 दिन के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए।
जीआईसी पोथिंग के प्रांगण में आयोजित शिविर में डीएम ने अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याएं निपटाने के निर्देश दिए। डीएम ने विद्यालय में शीघ्र फर्नीचर उपलब्ध कराने, शिक्षकों की तैनाती करने और क्रीड़ांगन का विस्तार करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने 65, हैम्योपैथी डॉक्टर ने 40 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण उन्हें दवाइयां दी। राजस्व विभाग ने 15 लोगों को आय जाति प्रमाण-पत्र, कृषि विभाग ने 33 किसानों को रासायनिक दवा, पशु पालन विभाग ने 90 पशु पालकों को पशुओं की दवा दी। संचालन समाज कल्याण अधिकारी एनएस गस्याल ने किया।
इस दौरान राइंका और एंजल्स अकेडमी के बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। डीएम ने प्राइमरी स्कूल शोभाकुंड के पूर्व प्रधानाध्यापक केडी शर्मा को उनके अच्छे कार्यों के लिए सम्मानित किया। वहां भाजपा जिलाध्यक्ष शेर सिंह गढ़िया, सीडीओ एसएसएस पांगती, सीईओ हरीश रावत, डीपीआरओ पूनम पाठक, बीडीओ गंगा गिरी, ग्राम पंचायत चंपा देवी आदि थे।