बागेश्वर। एससी-एसटी शिक्षक एसोसिएशन की बैठक में प्रदेश सरकार से प्रदेश भर के 13 हजार शिक्षकों से ब्रिज कोर्स कराने संबंधी फैसले को वापस लेने की मांग की गई।
बैठक में एसोसिएशन के नव निर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष संजय भाटिया ने सभी शिक्षकों से एकजुट होने की अपील की। कहा कि एसोसिएशन की समस्याओं को लेकर प्रांतीय कार्यकारिणी की ओर से आगामी बैठक में शिक्षा मंत्री से वार्ता की जाएगी। इसमें में प्रदेश के 13 हजार शिक्षकों को ब्रिज कोर्स कराने संबंधी सरकार के फैसले की वापसी, प्राथमिक विद्यालयों में एससी-एसटी शिक्षकों का बैकलॉग पूरा करने, समाज कल्याण की ओर से जारी छात्रवृत्ति प्रक्रिया के सरलीकरण के साथ ही ऑनलाइन की जिम्मेदारी से शिक्षकों को मुक्त रखने समेत कई बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने नवनिर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष संजय भाटिया का स्वागत किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजय टम्टा ने की। संचालन महामंत्री गिरीश धौनी ने किया। बैठक में गोविंद प्रसाद, विनोद प्रकाश, नंद किशोर टम्टा, राजेश आगरी, जगमोहन टम्टा, संजय कुमार टम्टा, नवीन त्रिलोकी, रमेश राम आदि थे।