बागेश्वर। होली पर्व के नजदीक आते ही मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य विभाग ने चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। खाद्य विभाग की टीम ने विभिन्न दुकानों में चेकिंग कर दूध, घी और तेल के सैंपल लिए।
डीएम के निर्देश पर शनिवार को भी जिला खाद्य अभिहित अधिकारी अशोक कुमार फुलोरिया के नेतृत्व में दुकानों में जाकर खाद्यान्न पदार्थों की जांच व सैंपलिंग की गई। जिला मुख्यालय के नुमाइशखेत और कठायतबाड़ा क्षेत्र की दुकानों में सामान की जांच की गई। अलग-अलग दुकानों से दूध, घी और तेल के सैंपल लिए गए। मिठाई और फलों की दुकानों में भी जांच की गई। दुकानदारों को बासी मिठाइयां नहीं बेचने की सख्त हिदायत दी गई। टीम ने परचून की दुकानों में मसाले व अन्य खाद्यान्न वस्तुओं की जांच भी की। इस दौरान खाद्य निरीक्षक प्रकाश फुलारा आदि उपस्थित थे। जिला खाद्य अभिहित अधिकारी ने बताया कि दुकानों से लिए गए सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। उन्होंने बताया कि चेकिंग अभियान जारी रखा जाएगा।