बागेश्वर। आधी-अधूरी व्यवस्थाओं के बीच संचालित हो रहे ट्रामा सेंटर को लेकर नागरिक मंच ने नाराजगी जताई है। मंच के पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग से शीघ्र ट्रामा सेंटर में जरूरी उपकरणों के साथ ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती करने की मांग की है।
जनता को स्वास्थ्य सुविधा का लाभ देने के लिए वर्ष 2013 में जिला अस्पताल के पास करोड़ों की लागत से ट्रामा सेंटर का निर्माण किया गया था। भवन बनने के बाद भी जब इसका संचालन नहीं हुआ तो नागरिक मंच की ओर से उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर की गई।
हाइकोर्ट की सख्ती के बाद स्वास्थ्य विभाग ने दो माह पूर्व एक सर्जन, एक हड्डी रोग विशेषज्ञ की तैनाती और एक पुरानी एक्सरे मशीन रखकर ट्रामा सेंटर का संचालन शुरू कर दिया। हड्डी रोग विशेषज्ञ को भी अल्मोड़ा जनपद से यहां संबद्ध किया गया है।
ट्रामा सेंटर में सीटी स्कैन, सीआर्म मशीन सहित न्यूरो सर्जन की तैनाती को लेकर कोई प्रयास नहीं होने से नागरिक मंच में नाराजगी है। नागरिक मंच के अध्यक्ष पंकज पांडे और सचिव आलोक साह गंगोला का कहना है कि ट्रामा सेंटर के संचालन से मरीजों को कोई राहत नहीं मिल रही है। चिकित्सा विशेषज्ञ और मशीनों के अभाव में दुर्घटना के घायलों को अभी भी जांच और उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा जा रहा है।
मंच के पदाधिकारियों ने चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के सचिव को पत्र भेजकर शीघ्र जरूरी उपकरण और स्टाफ की तैनाती करने की मांग की है।