बागेश्वर। शहरवासियों के लिए खुशखबरी। शहर में जल्द ही मल्टी लेवल पार्किंग बनने जा रही है। इसमें बसों, कारों के खड़े होने से सड़कों से वाहनों का दबाव कम होगा। शहर को जाम से छुटकारा मिलेगा।
शहर में पार्किंग की समस्या से निजात के लिए नगर पालिका ने गरुड़ टैक्सी स्टैंड के समीप मल्टी लेवल पार्किंग का प्रस्ताव तैयार किया। शहरी विकास मंत्रालय ने 2009 में नगर पालिका को 50 लाख रुपये का बजट दिया था। तब से ये रकम खाते में पड़ी हुई थी लेकिन पिछले पालिका प्रशासन की हीलाहवाली से रकम का उपयोग नहीं हो पा रहा था। वहीं शहर में पार्किंग की समस्या से छुटकारा नहीं मिल पा रहा था। इधर नए नगर पालिका बोर्ड ने शहर में मल्टी लेवल पार्किंग के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। 2.12 करोड़ की लागत से मल्टी लेवल पार्किंग बनाई जाएगी। साथ ही 10 साल पहले से मिली रकम के आधार पर निविदाएं आमंत्रित कर दी है। अगले हफ्ते निविदाएं आमंत्रित कर पार्किंग निर्माण का ठेेका दे दिया जाएगा।
गरुड़ टैक्सी स्टैंड पर 2.12 करोड़ से बनेगी मल्टीलेवल पार्किंग
10 साल पहले पार्किंग के लिए मिले थे 50 लाख लेकिन नहीं हो सका उपयोग
पालिका ने आमंत्रित की निविदा
13 बसें और 40-50 कार होंगी खड़ी
अभी एक मंजिला बनेंगी पार्किंग
मल्टी लेवल पार्किंग अभी एक मंजिला बनेगी। ग्राउंड तल पर गरुड़ को जाने वाली बसों को खड़ा किया जाएगा जबकि पहले तल पर कार खड़े करने का इंतजाम होगा। बाद मेें वाहनों का दबाव बढ़ने पर दूसरा और तीसरा तल भी बनाया जा सकता है।
कोट : 10 साल पहले पालिका को पार्किंग बनाने के लिए बजट मिला था लेकिन इसका उपयोग नहीं किया। अब इस बजट से गरुड़ टैक्सी स्टैंड के समीप 2.12 करोड़ की लागत से मल्टी लेवल पार्किंग बनाने की योजना है। - सुरेश खेतवाल, नगर पालिका अध्यक्ष बागेश्वर