बागेश्वर। पिंडारी सड़क के आरे पुल के समीप नाली नहीं होने से नहर का पानी सड़क पर बह रहा है। सड़क में किया गया हॉटमिक्स उखड़ने से वहां बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। गड्ढों से होकर जाने में जहां बड़े वाहनों को कई दिक्कतें हो रही हैं। वहीं अब तक कई दोपहिए वाहन चालक रपटकर चोटिल हो चुके हैं। ग्रामीणों ने नाली निर्माण की मांग की है।
सड़क पर लगातार पानी बहने से राहगीरों को भी कई दिक्कतें हो रही हैं। वाहनों के टायरों से उठने वाले छींटों से उनके कपड़े खराब हो जा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने लोनिवि से कई बार पानी के निकास के लिए पक्की नाली का निर्माण करने की मांग कर दी है लेकिन विभाग है कि उसके कानों जूूं तक नहीं रेंग रही है।
उन्होंने जिला प्रशासन से नाली का जल्द निर्माण करने के लिए लोनिवि को निर्देशित करने की मांग की है। मांग करने वालों में नरेंद्र खेतवाल, दीपक खेतवाल, सुरेश, भूपेश, महेश खेतवाल और मोहन लाल आदि शामिल हैं। इधर लोनिवि के अधिशासी अभियंता एमसी शर्मा ने कहा कि संबंधित जेई को मौके पर भेजकर नाली निर्माण का प्रस्ताव बनवाया जाएगा।