बागेश्वर। शहर में चल रहे बिजली सुधार कार्य के चलते दिनभर बिजली की कटौती से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सात से आठ घंटे तक की कटौती से लोगों में ऊर्जा निगम के खिलाफ आक्रोष है।
ऊर्जा निगम इन दिनों नगर क्षेत्र में लाइन बदलने का कार्य कर रहा है। दिनभर चल रहे सुधार कार्य के लिए शटडाउन लिया जा रहा है जिस कारण शहर के उस हिस्से की बिजली दिनभर के लिए काट दी जाती है जिस हिस्से में काम चल रहा हो। उपभोक्ताओं ने बताया कि बिजली कटौती के चलते काफी परेशानी हो रही है।
व्यापारियों के लघु उद्योग धंधे भी प्रभावित हो रहे हैं। इधर ऊर्जा निगम के अभियंताओं ने बताया कि नगर में लाइन सुधारीकरण के कार्य के चलते शटडाउन लिया जा रहा है। कुछ दिन का कार्य शेष है। कार्य पूर्ण होते ही कटौती की समस्या से निजात मिल सकेगी।