कपकोट (बागेश्वर)। नगर पंचायत के खाईबगड़ और ग्राम पंचायत पोथिंग के शिलपाड़ा में गत एक सप्ताह से बिजली की आपूर्ति ठप पड़ी है। परेशान ग्रामीणों ने यूपीसीएल से जल्द आपूर्ति सुचारु करने की मांग की है। ऐसा न होने पर उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी है।
भानी के पास भूस्खलन होने से 15 अगस्त को बिजली की मेन लाइन का पोल ढह गया था। करंट की चपेट में आने से राइंका कपकोट के 11वीं के छात्र की मौत हो गई थी। यूपीसीएल ने सूचना मिलने पर लाइन काटी थी। तब से आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी है। इससे कारोबार पर बुरा असर पड़ा है।
रात में बच्चों की पढ़ाई नहीं हो पा रही है। जंगली जानवरों का भय अलग से सता रहा है। उधर ग्राम पंचायत पोथिंग के शिलपाड़ा तोक में बिजली की आपूर्ति एक हफ्ते से ठप पड़ी है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने यूपीसीएल से कई बार शिकायत की मगर कोई समाधान नहीं किया गया। इधर यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता भाष्कर पांडे ने बताया कि कर्मियों को मौके पर भेजकर आपूर्ति सुचारु करवाई जाएगी।