कपकोट (बागेश्वर)। ग्राम पंचायत कपकोट के किडनी पीड़ित चंचल सिंह कपकोटी की सहायता के कई और दानवीर आगे आए हैं। बुधवार को विभिन्न माध्यमों से युवाओं ने चंचल के इलाज के लिए 90 हजार से ज्यादा रुपये जुटाए। युवाओं ने लोगों से चंचल को जीवनदान करने के लिए खुलकर सहयोग की अपील की है।
ग्राम पंचायत कपकोट के अंत्योदय परिवार के मुखिया चंचल सिंह कपकोटी की दोनों किडनियां खराब हो चुकी हैं। उसका देहरादून के राजकीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। डाक्टरों ने उपचार में 15 लाख रुपये का खर्च आने का अनुमान लगाया है।
बुधवार को जागरूक लोगों ने कपकोट बाजार, आंणू, देवलसेरा में लोगों से व्यापक संपर्क किया और लोगों ने खुलकर सहयोग राशि दी। अभियान से जुड़े हरीश कपकोटी ने बताया कि गत दिवस चंचल की सहायता के लिए विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों और व्यापारियों से 90 हजार रुपये जमा हुए। सहयोग राशि जुटाने में बीडीसी सदस्य तारा कपकोटी, पूर्व सदस्य गोविंद कपकोटी, व्यापार मंडल के अध्यक्ष तारा कपकोटी, सचिव हेम कपकोटी, कोषाध्यक्ष नवीन चंद्र उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष रघुवीर बिष्ट, आनंद कपकोटी, नारायण कपकोटी, महिमन कपकोटी आदि जुटे हुए हैं।
चंचल बचाओ अभियान ग्रुप बनाया
अभियान से जुड़े सक्रिय कार्यकर्ता हरीश कपकोटी ने सोशल मीडिया पर अब चंचल की मदद के लिए चंचल बचाओ अभियान नाम से एक ग्रुप बनाया है। इससे अब तक सौ से अधिक लोग जुड़ चुके हैं। ग्रुप के जरिए लोग सहायता राशि जुटाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव देने लगे हैं।