बागेश्वर। ग्राम स्वराज अभियान के तहत जनपद में स्वच्छ भारत दिवस के मौके पर सफाई अभियान चलाया गया। इसके तहत चयनित 24 ग्राम सभाओं में स्वच्छता अभियान चलाए गए। इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने नगर में जागरूकता रैली निकाली।
बुधवार को तहसील परिसर से स्वच्छता रथ को नगर पालिका अध्यक्ष गीता रावल, ब्लॉक प्रमुख रेखा खेतवाल, सीडीओ एसएसएस पांगती ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न स्थानों में जाकर आम जनता को स्वच्छता का संदेश देगा। वहां डीडीओ केएन तिवारी, गिरिजा भट्ट, सांसद प्रतिनिधि संजय साह जगाती आदि थे।
वहीं, चंडिका पूल्ड हाउस और मंदिर में जिला पंचायत राज अधिकारी पूनम पाठक की मौजूदगी में सफाई अभियान चला। कलक्ट्रेट परिसर में कोषागार सहित अन्य कार्यालयों में अधिकारियों, कर्मचारियों ने सफाई अभियान चलाया। इस दौरान झाड़ियों का कटान किया गया। वहां एडीएम राहुल गोयल, एसडीएम कांडा रिंकू बिष्ट आदि थे।