बागेश्वर। बागनाथ मंदिर में 28 फरवरी को चतुर्दशी के दिन होली गायन की धूम मचेगी। होली चतुर्दशी के दिन मंदिर में क्षेत्र के करीब दो दर्जन गांवों से होल्यार आकर होली गायन के साथ मंदिर की परिक्रमा कर अबीर गुलाल चढाएंगे। बागनाथ मंदिर प्रबंध समिति ने पुलिस प्रशासन से होली गायन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात करने की मांग की है।
होली चतुर्दशी के दिन बागनाथ मंदिर में नंदी गांव, आरे, क्वैराली, मनकोट, बमराणी, द्यांगण, कठायतबाड़ा, खोली, जौलकांड समेत कई गांवों से होल्यारों की टीमें होली गायन करने आती हैं। कुछ सालों से इस आयोजन के दौरान अराजक तत्व शराब पीकर हुड़दंग मचाते हैं। इससे शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका रहती है।
इसको देखते हुए बागनाथ मंदिर प्रबंध समिति ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर 28 फरवरी को मंदिर परिसर में पुलिस बल तैनात रखने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में प्रधान पुजारी भरत सिंह रावल, मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष नंदर सिंह रावल, उपाध्यक्ष संजय सिंह रावल, बालादत्त तिवारी, चंदन सिंह गढ़िया, राजा साह गंगोला आदि थे।