बागेश्वर। पर्वतीय कांट्रेक्टर वेलफेयर ऐसोसिएशन की जिला इकाई की बैठक हुई। इसमें देहरादून में सीएम आवास के घेराव को जा रहे ठेकेदारों पर हुए लाठीचार्ज और गिरफ्तारी की निंदा की गई। तय किया गया कि विरोध में दो फरवरी को सभी निर्माण इकाइयों में तालाबंदी की जाएगी। चेतावनी दी गई कि यदि लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और भी तेज कर दिया जाएगा।
एसोसिएशन के जिला महामंत्री संजय नेगी के संचालन में लोनिवि विश्राम गृह में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि ठेकेदार ई-पेमेंट से पहले सभी रिफंडों का भुगतान करने, जीएसटी लागू होने से पहले हुई निविदाओं के भुगतान की कार्रवाई को सरल करने और एक करोड़ रुपये तक की निविदा को ई-टेंडरिंग से बाहर रखकर विभागीय स्तर पर लगाने की मांग को लेकर सोमवार को देहरादून में मुख्यमंत्री आवास को कूच कर रहे थे।
वहां पुलिस ने ठेकेदारों पर लाठीचार्ज करने के साथ ही गिरफ्तार भी कर लिया। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगें शीघ्र पूरी नहीं हुई तो आंदोलन और भी तेज कर दिया जाएगा। वहां राजेंद्र टंगड़िया, सुरेश खेतवाल, पंकज कांडपाल, प्रेम खेतवाल, गजेंद्र टाकुली, गिरीश खेतवाल, लाल सिंह दीवान, गोपाल खेतवाल, नवीन परिहार, भुवन लोहनी आदि थे।