बागेश्वर। 28 जनवरी को 263 बूथों में 31,195 बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई जाएगी। इनमें बागेश्वर में 13078, बैजनाथ में 8640 और कपकोट में 9477 बच्चों को ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य निर्धारित है। पल्स पोलियो अभियान कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर हुई जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक में सीडीओ एसएसएस पांगती ने कहा कि शून्य से पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक लेने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान की सफलता के लिए 263 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। इनमें सात नगरीय क्षेत्र और 256 ग्रामीण क्षेत्रों में चिन्हित किए गए हैं। इसके अलावा पांच मोबाइल बूथ बनाए जाएंगे। बूथों में कुल 1052 कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी।
दूसरे और तीसरे दिन घर-घर भ्रमण कार्यक्रम के लिए 526 टीमें लगाई जाएंगी, जो छूटे हुए बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलायेंगे। मुख्य चिकित्साधिकारी ने सीडीओ से कार्यक्रम की सफलता के लिए 10 वाहन अधिकृत करने को कहा। बैठक में एडीएम राहुल गोयल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक बसंत कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जेसी मंडल, डॉ. राजेश गुंज्याल, डॉ. एनएस टोलिया आदि थे।