बागेश्वर। जिला मुख्यालय के निकटवर्ती आरे गांव में पिछले एक पखवाड़े से तेंदुए का आतंक बना हुआ है। तेंदुए ने एक गाय और तीन बकरियों को निवाला बना लिया है। तेंदुए के आतंक से ग्रामीण भयभीत हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाने और शीघ्र पशुपालकों को मुआवजा देने की मांग की है। आरे गांव में तेंदुए ने गोपाल सिंह की दुधारू गाय को निवाला बना लिया। इसके बाद गोविंद सिंह की तीन बकरियां मार दी। ग्रामीण भूपेश खेतवाल ने बताया कि पहले भी तेंदुए ने मवेशियों को मार दिया था, जिसका मुआवजा अभी तक वन विभाग ने पशुपालकों को नहीं दिया है। उन्होंने शीघ्र मुआवजा देने और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।