बागेश्वर। डीएम रंजना राजगुरु के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गागरीगोल बाजार और भाकुन खोला बाजार में निरीक्षण किया। टीम ने चार नमूने लिए और दुकानदारों को दूषित फल बेचने से मना किया।
जिला अभिहीत अधिकारी एके फुलैरिया और खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रकाश फुलारा ने मंगलवार को गागरीगोल बाजार में निरीक्षण किया। टीम ने एक सोडा बोतल और चिली सॉस के नमूने लिए। साथ ही दुकानदारों को गर्मी के मद्देनजर ताजे फल बिक्री, सड़े गले फलों को नष्ट करने को कहा।
इसके बाद टीम ने भाकुन खोला बाजार का निरीक्षण किया। यहां से भी रस्क, साबूत जीरा के नमूने लिए गए। यहां भी गर्मी के मद्देनजर दुकानदारों को सावधानियां बरतने को कहा। फुलैरिया ने बताया कि चार नमूनों को राज्य खाद्य प्रसंस्करणशाला में भेजा जाएगा। वहां से जांच रिपोर्ट आने के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी।