बागेश्वर। पेयजल की मांग को लेकर सोमवार को प्रदर्शन करने वाले दुग बाजार के उपभोक्ता शुक्रवार को फिर कलक्ट्रेट धमक गए। उन्होंने जल संस्थान पर गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सोमवार को डीएम ने पानी सुचारु करने के आदेश दिए थे, लेकिन व्यवस्था फिर पटरी से उतर गई है।
दुग बाजार में बीते दो माह से पेयजल आपूर्ति व्यवस्था चरमराई है। जल संस्थान से नाराज उपभोक्ताओं ने गत सोमवार को जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शन कर पानी मुहैया कराने की मांग की थी। डीएम ने तत्काल पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की थी।
चार दिन बाद ही उपभोक्ताओं ने फिर से कलक्ट्रेट पहुंचकर पानी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उपभोक्ताओं ने डीएम से मुलाकात कर पानी की नियमित आपूर्ति करने की मांग की। कहा कि जल संस्थान उपभोक्ताओं के हितों के साथ खिलवाड़ कर रहा है। बिल हर महीने भेजे जा रहे हैं, पानी दो माह से नहीं आ रहा है। वहां बहादुर राम, मंटू भरड़ा, सरताज पेंटर, हिना, चंदू आदि थे।