बागेश्वर। ग्राम पंचायत सिया के बगवालीखान और सैंठाबांगड़ी के दलितों ने सर्वे के अनुसार सड़क का निर्माण नहीं करने पर रोष जताया। कहा कि इससे उनके गांवों को कोई लाभ नहीं होगा। उन्होंने डीएम को दिए ज्ञापन में सड़क का निर्माण पूर्व में हुए सर्वे के अनुसार करवाने की मांग की। ऐसा न होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
डीएम को दिए ज्ञापन में ग्राम पंचायत सिया के बगवालीखान, सैंठावांगड़ी और विरौट तोक के ग्रामीणों ने कहा है कि उनके गांवों को सड़क से जोड़ने के लिए लोनिवि ने पूर्व में सर्वे किया था लेकिन निर्माण में पूर्व के सर्वेक्षण की अनदेखी की जा रही है। सड़क का निर्माण जिस जगह से हो रहा है वहां से उनके गांवों को कोई फायदा नहीं होगा।
मौजूदा सर्वे से जहां सड़क की लंबाई अधिक होगी वहीं वन क्षेत्र का बड़ा हिस्सा प्रभावित होगा। ग्रामीणों ने सड़क का निर्माण पूर्व सर्वे के अनुसार कालीगाड़ से 600 मीटर आगे बैंड देकर प्राइमरी पाठशाला से होकर करवाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में कांग्रेस नेता बालकृष्ण, अनिल कुमार, राजेंद्र, रवींद्र प्रसाद, मोहन लाल, राजेंद्र प्रसाद, मदन लाल, कुंदन लाल आदि शामिल थे। डीएम ने ग्रामीणों को मामले की जांच का आश्वासन दिया।