बागेश्वर। बारिश के बाद जारती गांव का जूनियर हाईस्कूल खतरे की जद में आ गया है। ग्रामीणों ने भूस्खलन को देखते हुए स्कूल शिफ्ट करने की मांग की है। जारती में भूस्खलन से गोविंद सिंह, शेर सिंह, कवींद्र सिंह के मकान को खतरा बना है। गांव की अनुसूचित बस्ती पर भी भूस्खलन का खतरा मंडरा रहा है। यहां कैलाश राम, नंदन राम, गोविंद राम, गोकुल राम, खुशाल राम, सुभाष राम, हयात राम के मकान को खतरा है।
जारती में एक दर्जन परिवार खतरे की जद में हैं। यहां बिजली लाइनें टूटने से आपूर्ति ठप है। अभी तक यूपीसीएल ने बिजली लाइनों की सुध लेने की जहमत नहीं उठाई है। कपकोट विकास खंड के बड़ेत के बुरमोला में भूस्खलन से 25 परिवारों पर खतरा मंडरा रहा है। कपकोट के ग्राम सभा पन्याली के तोक थाड़ में भूस्खलन से छह परिवारों को खतरा बना है। गोगिना में बिजली लाइनों को काफी नुकसान हुआ है। क्षेत्र में पिछले चार दिनों से बिजली गुल है।