बागेश्वर। मजियाखेत को जाने वाले मार्ग में पाइप लाइन टूटने से पानी बर्बाद हो रहा है। लगातार कई दिनों से हो रहे पानी के रिसाव से रास्ते में कीचड़ ही कीचड़ हो गया है। इससे लोगों, स्कूली बच्चों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है।
गर्मी के साथ ही जल संकट भी गहराने लगा है। जल संस्थान द्वारा क्षतिग्रस्त लाइनों को दुरुस्त नहीं किया गया है। जहां कुछ इलाकों पानी की किल्लत बनी हुई है वहीं दूसरी ओर पानी मार्गों में ही बर्बाद हो रहा है। मजियाखेत जाने वाले मार्ग में पिछले कई दिनों से योजना के नलों से पानी रिस रहा है। कीचड़ के कारण लोगों के कपड़े खराब हो रहे हैं। सामाजिक कार्यकर्ता हेम कांडपाल, ललित पाठक आदि क्षेत्रवासियों ने जल संस्थान से क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों का सुधार करने की मांग की है।