बागेश्वर। बाल मजदूरी उन्मूलन को लेकर गठित जिला टास्क फोर्स की बैठक में डीएम रंजना राजगुरु ने उपजिलाधिकारियों, पुलिस विभाग के अधिकारियों व श्रम प्रवर्तन अधिकारी को बाल मजदूरी पर रोक लगाने के लिए तलाशी अभियान चलाने को कहा।
उन्होंने होटल, उद्योग और खनन क्षेत्रों में अभियान चलाकर बाल मजदूरों को चिन्हित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि यदि किसी भी संस्थान में बाल मजदूर मिलता है तो संस्थान के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने 14 वर्ष आयु तक का बच्चा बाल श्रम करते पाए जाने पर इसकी सूचना समाज कल्याण विभाग को देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने श्रम प्रवर्तन अधिकारी को बाल श्रम उन्मूलन के लिए पंपलेट, पोस्टर के माध्यम से शिविर आयोजित कर लोगों को जागरुक करने को कहा। उन्होंने स्वयं सेवी संगठनों से भी बाल श्रमिकों की जानकारी होने पर इसकी सूचना पुलिस को देने को कहा। श्रम विभाग को पुलिस विभाग के सहयोग से छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए। जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम प्रधानों से संपर्क कर ग्रामीण क्षेत्रों में बाल श्रमिकों को चिन्हित करने को कहा। बैठक में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जेसी मंडल, एसडीएम श्याम सिंह राणा, सीओ कपकोट महेश चंद्र जोशी, जिला पंचायतराज अधिकारी पूनम पाठक आदि थे।