बागेश्वर। ग्राम पंचायत जेठाई के ग्रामीणों ने सत्ताधारी दल के एक स्थानीय कार्यकर्ता पर गांव की पेयजल योजना से अवैध रूप से कनेक्शन लेने का आरोप मढ़ा है। गुस्साए ग्रामीणों ने डीएम को पत्र देकर मामले की छानबीन कर अवैध संयोजन को तुरंत हटाने की मांग की है। कनेक्शन के शीघ्र नहीं हटाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ग्रामीणों ने पत्र में बताया कि भाजपा के एक स्थानीय कार्यकर्ता ने पानी की लाइन में तोड़फोड़ करके अवैध रूप से कनेक्शन ले लिया है। उसकी हरकत से गांव के 80 परिवारों के नलों में पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। नजदीक में पानी का कोई अन्य स्रोत नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है।
उन्होंने डीएम से मामले की शीघ्र जांचकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। पत्र देने वालों में दरवान सिंह सोनियाल, हयात सिंह, खुशाल सिंह, मनुली देवी, चंपा देवी, भागुली, कमला, शोभा, कैलाश सिंह, चंचल नगरकोटी आदि शामिल थे।