बागेश्वर। अटल आदर्श गांव भंडारीगांव को यातायात से जोड़ने के लिए तीन बार सर्वे हो चुका है। इसके बावजूद आज तक सड़क का निर्माण नहीं होने से ग्रामीण भड़क गए हैं। पीएमजीएवाई के तहत खातीगांव-नरगोली-बेड़ीनाग सड़क का निर्माण शुरू हुआ इसमें भी अटल आदर्श गांव के नहीं छूने से अब ग्रामीणों का गुस्सा अब चौथे आसमान पर पहुंच गया है। ग्रामीणों ने ठगी का आरोप लगाते हुए गांव को शीघ्र सड़क से नहीं जोड़ने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
कमस्यारघाटी के अटल आदर्श गांव भंडारीगांव के ग्रामीणों के अनुसार उनके गांव को यातायात से जोड़ने के लिए पीएमजीएसवाई ने 2011 में दो बार और 2012 में एक बार सर्वे किया था। विभाग ने पिछले दिनों खातीगांव-नरगोली-बेड़ीनाग सड़क का निर्माण शुरू किया, लेकिन गांव सड़क से नहीं जुड़ पा रहा है। पिछले शासन से गांव के सामाजिक कार्यकर्ता श्याम सिंह बोरा के नाम लिखे पत्र में गांव को शीघ्र सड़क से जोडने की बात कही गई थी।
उन्होंने कहा कि अब बेड़ीनाग सड़क से हो रहे मिलान का काम शुरू हो चुका है, लेकिन इसमें भी गांव के सड़क से जुड़ने की कोई उमीद नहीं है। ग्रामीणों ने विधायक बलवंत भौर्याल से गांव को सड़क से जोड़ने के लिए शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है। मांग करने वालों में बीडीसी सदस्य सुंदर बोरा, कृष्णा बोरा, इंद्र सिंह बोरा, सोहन बोरा आदि शामिल थे।