बागेश्वर। शिक्षा, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरविंद पांडेय ने वीडियो कांफ्रेंसिंग कर अधिकारियों को शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने डीएम को स्वयं स्कूलों का निरीक्षण करने के साथ ही एडीएम और एसडीएम को भी औचक निरीक्षण के लिए निर्देश दिए।
शिक्षा मंत्री ने निरीक्षण के दौरान कक्षा तीन, पांच और कक्षा आठ के विद्यार्थियों को दी जा रही शिक्षा का मूल्यांकन अवश्य करने को कहा। उन्होंने समय से विद्यालय न आने वाले अध्यापकों पर सख्ती से निपटने के लिए बिना उचित कारण बताए अनुपस्थित रहने पर सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए।
उन्होंने समय से स्कूल आने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करने को कहा। उन्होंने अपने वेतन से बेरोजगार युवकों को झांसे में लेकर स्कूल में थोड़ी सी धनराशि देकर पढ़ाने का लालच देने वाले अध्यापकों को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसा कार्य करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।
डीएम रंजना ने कुछ स्कूूलों में शिक्षकों के पद रिक्त होने की बात शिक्षा मंत्री को बताई। वीडियो कांफ्रेंसिंग में जिला पंचायतराज अधिकारी पूनम पाठक, डीईओ आकाश सारस्वत, जिला क्रीड़ा अधिकारी विनोद सिंह वल्दिया आदि थे।